जालौन , अप्रैल 6 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में बीते दो दिनो के दौरान अति ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान से प्रभावित किसानों को मुआवजे और कर्ज माफी की मांग को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

शनिवार यानी चार अप्रैल को कुठौंद, रामपुरा और माधौगढ़ ब्लॉकों में तथा रविवार पांच अप्रैल को कोंच तहसील सहित जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में हुई भारी ओलावृष्टि से रबी की प्रमुख फसलें गेहूं, जौ और गर्मियों में बोई जाने वाली मूंग पूरी तरह चौपट हो गईं थी।

इसी कृषि संकट को लेकर बसपा के जिला अध्यक्ष अतर सिंह पाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जालौन अति पिछड़ा क्षेत्र है, जहां एक ही झटके में आई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित