नयी दिल्ली , मार्च 10 -- दिल्ली पुलिस ने बवाना में कारोबारी की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान (40), निवासी चांद बाग दिल्ली, और ऐश्वर्या पांडे (37), निवासी भोपुरा चौक, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड टीम ने आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद शाहबाद डेयरी इलाके में जाल बिछाया।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर स्वामी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में दोनों आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर गोली चलायी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों संदिग्धों को गोली लगी और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया तथा बाद में उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए रोहिणी के डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार मोहम्मद इरफान का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी, स्नेचिंग और शस्त्र अधिनियम से जुड़े करीब 40 मामले दर्ज हैं। वहीं ऐश्वर्य पांडे पर भी हत्या के प्रयास सहित पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी वैभव गांधी की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। गांधी की 09 फरवरी को बवाना स्थित डीएसआईआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर-4 में फैक्ट्री के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार बम, छह खाली बम, दो हेलमेट और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित