रामनगर , दिसंबर 23 -- उत्तराखंड में रामनगर पौड़ी लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनिल बलूनी ने मंगलवार मांस प्रकरण में जेल में बंद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं मुख्य आरोपी बनाए गए मदन जोशी के आवास पर उनके परिजनों से मुलाकात की पार्टी की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

श्री बलूनी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं निचले स्तर पर किसी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता इस मामले में जेल में हैं, उससे स्पष्ट है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से मदन जोशी के घर आए हैं और उन सभी कार्यकर्ताओं के परिवारों से भी संपर्क किया जा रहा है, जो इस मामले में जेल में बंद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा अपने किसी भी कार्यकर्ता को अकेला नहीं छोड़ेगी। जिन लोगों को कानूनी सहायता की आवश्यकता होगी, उनके लिए पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

सांसद ने कहा कि पार्टी स्तर पर यह तय किया गया है कि सभी प्रभावित कार्यकर्ताओं को बेहतर कानूनी सलाह और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे जो भी कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी, उसमें पूरी मदद की जाएगी।

श्री बलूनी ने कहा कि सच कभी हारता नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिन कार्यकर्ताओं को इस मामले में फंसाया गया है, वे निर्दोष हैं और जल्द ही बाहर आएंगे। उन्होंने कहा कि सत्य की जीत निश्चित है और अंततः सच्चाई सामने आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित