बलिया , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में बलिया के बैरिया क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गुरुवार को तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 471 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।

एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मजीत भारती तथा करन बहादुर साह उर्फ घुरघुर के रूप में हुई है।

एसटीएफ टीम के अनुसार अभियुक्तों को गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे थाना बैरिया क्षेत्र के पूर्वी भवन टोला स्थित गंगा किनारे बांध पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान उनके पास से 471 पेटी शराब और बीयर, दो पिकअप वाहन, तीन मोबाइल फोन और 750 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से शराब और बीयर बिहार में सप्लाई करता है। उन्होंने बताया कि बैरिया के चिरैया मोड़ स्थित लाइसेंसी गोदाम संचालक सुनील गुप्ता उर्फ राजा द्वारा शराब उपलब्ध कराई जाती थी, जिसे अमरजीत सिंह और गौतम सिंह के माध्यम से गंगा नदी के रास्ते नाव से बिहार भेजा जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित