बलरामपुर , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक उधेश्वरी पैंकरा ने राजपुर एसडीएम और तहसीलदार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मामला सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं रहे, जिससे श्रीमती पैंकरा नाराज हो गईं। मौके पर ही उन्होंने कलेक्टर राजेंद्र कटारा को फोन कर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया।
विधायक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समयसीमा में अधिकारियों को नहीं हटाया गया, तो वे अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठेंगी। उनके इस रुख से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
इधर, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समर्थकों ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। समर्थकों ने कहा, "क्या बलरामपुर में प्रशासनिक व्यवस्था ढीली पड़ गई है? क्या जनप्रतिनिधियों की बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है? या फिर सिस्टम में कहीं बड़ा टकराव चल रहा है? क्या सत्ता पक्ष की विधायक की भी नहीं सुन रहे अधिकारी?"फिलहाल, जिले में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित