बलरामपुर , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखनिया गुरहिपारा में आज एक दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित कार्यक्रम के लिए मंडप लगाने के दौरान बिजली के खंभे के सहारे एक खुटा खड़ा किया गया था। इसी दौरान अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तुषार (06) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन तत्काल बच्चे को निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिजली के खंभे को ठेकेदार द्वारा सही तरीके से स्थापित नहीं किया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित