बलरामपुर-रामानुजगंज , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वाड्रफनगर के मोहाली रोड पर शुक्रवार सुबह दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर होने के बाद एक ट्रक में आग लग गई, जिससे चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त दमकल विभाग की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे हादसे ने विकराल रूप धारण कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहाली रोड पर सुबह सात बजे घटित हुई। तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक के केबिन में तुरंत आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा।

हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और राहगीर बचाव के लिए दौड़े, लेकिन आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि कोई पास नहीं जा सका। चालक ट्रक के केबिन में ही फंसा रह गया। चीख-पुकार के बीच वह बाहर निकलने का प्रयास करता रहा, लेकिन तब तक आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के अंदर फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गयी।

ग्रामीणों का कहना है कि दमकल विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन गाड़ी काफी देर बाद पहुंची। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चालक का शव बुरी तरह झुलस गया था।

घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक चालक की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रकों की तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों वाहनों के मालिकों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित