बलरामपुर , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित कुलाधिपति वाटिका एवं सरोवर का विधिवत लोकार्पण किया। राज्यपाल ने भारत-नेपाल सीमावर्ती जिले बलरामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से संचालित निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यों की गुणवत्ता और गति पर संतोष व्यक्त किया तथा उन्हें समयबद्ध और उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक नवाचार, पाठ्यक्रम विकास, सांस्कृतिक एवं धार्मिक अध्ययन तथा मंडल की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शोध और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की अब तक की प्रगति और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के बाद राज्यपाल लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित