लखनऊ , अप्रैल 10 -- 'यूपी प्रो हैंडबॉल लीग' के दूसरे दिन शुक्रवार को काशी किंग्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए बर्बरीक वारियर्स को 19-18 से हराया। वहीं गोरखपुर राउडीज़ और नोएडा ब्लास्टर्स ने भी जीत के साथ अपना खाता खोल लिया। केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में काशी किंग्स और बर्बरीक वारियर्स के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले हाफ में बर्बरीक वारियर्स 8-6 से आगे रही, लेकिन दूसरे हाफ में काशी किंग्स ने काउंटर अटैक रणनीति अपनाते हुए वापसी की और एक गोल से जीत दर्ज की। काशी की ओर से अविनाश ने 8 गोल, जबकि मनिकंदन और विमलेश ने 4-4 गोल किए। बर्बरीक की तरफ से हसीन खान (9 गोल) और अनुभव (6 गोल) का प्रदर्शन सराहनीय रहा।

दूसरे मुकाबले में गोरखपुर राउडीज़ ने गाजियाबाद पैंथर्स को 30-24 से हराया। गोरखपुर के सुनील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 गोल दागे, जबकि मनीष त्रिपाठी ने 8 गोल किए। तीसरे मैच में नोएडा ब्लास्टर्स ने मथुरा ब्रज स्टार को 29-26 से मात दी। नोएडा की ओर से तौसीफ और मिंटू ने 7-7 गोल किए, जबकि जगमीत ने 4 गोल का योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित