टिहरी, जनवरी 23 -- उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल में लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बड़ा निर्णय लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनज़र शनिवार, 24 जनवरी को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय/निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि शीतऋतु के दौरान खराब मौसम के कारण फिसलन, ठंड और अन्य जोखिमों की आशंका बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्यों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना किए जाने और किसी प्रकार की घटना घटित होने की स्थिति में संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम तहत कार्रवाई की जाएगी।

लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को लेकर सतर्क रहें और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालनकरें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित