बरेली , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बैगुल‑भाखड़ा नदी में नहाने गए चार बच्चे डूब गए। ग्रामीणों ने तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक बच्चे की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रहपुरा जागीर गांव के लगभग 10 से 12 वर्ष आयु के चार बच्चे प्रवीन कुमार, दीपक, बॉबी और विपिन अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर बैगुल और भाखड़ा नदी के संगम पर नहाने गए थे। रविवार दोपहर करीब तीन बजे चारों बच्चे नदी में नहाने के लिए उतरे, तभी वे डूबने लगे।

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण विकास और अन्य लोग नदी में कूद पड़े और दीपक, उसके सगे भाई विपिन तथा बॉबी को बाहर निकाल लिया। हालांकि प्रवीन कुमार (12) नदी में बह गया। स्थानीय गोताखोरों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

सूचना मिलने पर आलोक कुमार सिंह, लेखपाल आदित्य गंगवार तथा थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने स्थानीय गोताखोरों से दोबारा बच्चे की तलाश कराई।

एसडीएम आलोक कुमार सिंह ने बताया कि नदी में डूबे बच्चे की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया है और टीम के जल्द मौके पर पहुंचकर खोज अभियान शुरू करने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित