बरेली , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित एडीएम कंपाउंड में आवंटित सिटी मजिस्ट्रेट आवास पर करीब 22 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया दर्शाते हुए विद्युत विभाग द्वारा रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी किए जाने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद विभाग ने आरसी वापस लेने के लिए प्रशासन को पत्र भेजा है।

सूत्रों के अनुसार यह आवास पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को आवंटित था। श्री अग्निहोत्री हाल में अपने पद से त्यागपत्र दे चुके हैं और पूर्व में कुछ मुद्दों को लेकर चर्चा में रहे हैं।

बताया गया कि रामपुर बाग स्थित विद्युत विभाग के कॉमर्शियल-2 वर्टिकल कार्यालय से अधिशासी अभियंता (वाणिज्यक) द्वितीय कार्यालय की ओर से 22 लाख 73 हजार 932 रुपये बकाया दर्शाते हुए वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) प्रशासन को भेजा गया। आरसी कलेक्ट्रेट पहुंचते ही अधिकारियों में खलबली मच गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। मामला सार्वजनिक न हो, इसके लिए संबंधित फाइल को गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की आपत्ति के बाद अधिशासी अभियंता सूर्य कुमार ने आरसी निरस्त करने के लिए पत्राचार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित