बैतूल , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बरेठा घाट में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने आखिरकार प्रशासन की उदासीनता को उजागर कर दिया है।
रविवार को यहां हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक अनियंत्रित ट्राले के खड़ी कारों में घुस जाने से एएसआई की पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बेटे की कार भी क्षतिग्रस्त हुई। इस घटना के बाद जिले की हाईवे सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।
हादसे के अगले ही दिन कल आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने नेशनल हाईवे सहित जिले की प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने, बरेठा घाट जैसे संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, संकेतक, क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा उपाय शीघ्र करने के आदेश दिए। साथ ही नेशनल हाईवे से गांवों को जोड़ने वाली एप्रोच सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित