बैतूल , जनवरी 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।

बरेठा घाट पर हुए इस हादसे में एक तेज रफ्तार ट्राॅले ने एक के बाद एक तीन कारों और एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों कारें एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं, जबकि बाइक उनके नीचे दब गई। हादसे में बाइक सवार एक एएसआई की पत्नी की मौत हो गई, वहीं एएसआई स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जिससे हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक यातायात जाम रहा। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, घाट पर एक कंटेनर नीचे उतर रहा था, जिसे साइड देने के लिए चढ़ाई की ओर जा रहे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे रोक ली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने नियंत्रण खो दिया और खड़ी गाड़ियों को रौंद दिया।

हादसे में घायल एएसआई चिमनलाल भलावी विदिशा जिले की विशेष शाखा में पदस्थ हैं और पिछले छह माह से बैतूल में अटैच्ड थे। वे पत्नी सुनीता भलावी के साथ बाइक पर सवार थे। दुर्घटना में सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई।

कारों में सवार अन्य घायलों ने निजी अस्पतालों में इलाज कराया। थाना प्रभारी देवकरण डहरिया के अनुसार, जिला अस्पताल या शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में कोई घायल भर्ती नहीं हुआ है। पुलिस फरार ट्रॉला चालक की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित