गिरिडीह , दिसम्बर 13 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में उसरी जलप्रपात को दस करोड़ की लागत से इको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा इसका शिलान्यास शनिवार को सरकार के पर्यटन एवं नगर विकास मंत्री सुदिब्य कुमार ने किया।
मंत्री श्री कुमार ने इसके पूर्व गिरिडीह में पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा देने को लेकर कई सार्थक पहल किया है जिसमे बराकर नदी तट पर इको पार्क व खंडोली जलाशय के सोंदर्यकरण योजना के बाद जिले के प्रसिद्ध उसरी जलप्रपात को भी ईको-पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल की हैश्री कुमार ने विधिवत् रूप से योजना का शिलान्यास किया। मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी पूर्वी मनीष तिवारी उपस्थित थे।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि उसरी जलप्रपात के सौंदर्यीकरण और विकास से न केवल गिरिडीह जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि राज्य में पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देशभर से पर्यटक यहां आकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।
श्री कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत उसरी जल प्रपात में पार्किंग जोन, भव्य प्रवेश द्वार, बच्चों के लिए खेल पार्क, जलप्रपात के बीचों-बीच चार मंजिला वॉच टावर, पर्यटकों के ठहरने के लिए कॉटेज सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र का समग्र विकास होगा तथा करीब 100 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित