मथुरा , फरवरी 12 -- विश्व प्रसिद्ध लड्डूमार और लठामार होली को लेकर बरसाना में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में व्यापक तैयारियां कर रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बरसाना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसाना आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां से एक सकारात्मक और भव्य छवि लेकर लौटे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने गोवर्धन-बरसाना मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। साथ ही बरसाना क्षेत्र को थीम आधारित वॉल पेंटिंग से सजाने तथा बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को सुरक्षा की दृष्टि से कवर करने के निर्देश दिए।
हेलीपैड स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बैरिकेडिंग और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। रंगीली चौक, कटारा चौक, लाडो गेट तथा श्री राधा रानी मंदिर जाने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत एवं पार्किंग व्यवस्था समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जबकि सिंचाई विभाग को नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने को कहा गया।
होली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने तथा नकली गुलाल बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दुकानदारों से गुणवत्ता युक्त सामग्री बेचने की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा ड्रोन से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। कंट्रोल रूम एवं वॉच टावर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसडीएम गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, विकास प्राधिकरण सचिव आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित