शहडोल , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश में अनूपपुर जिला मुख्यालय से लगे बरबसपुर गांव में छत्तीसगढ़ की ओर से आए एक हाथी ने उत्पात मचाते हुए एक कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी, जिससे घर के भीतर सो रहे 70 वर्षीय विशाल भैना घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथी ने विशाल भैना के घर की कच्ची दीवार तोड़कर अंदर रखा अनाज खाया। दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर विशाल भैना घायल हो गए। करीब आधे घंटे तक हाथी क्षेत्र में घूमता रहा और उसके बाद वहां से चला गया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल को अनूपपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। शिकायत मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सहायता राशि प्रदान की। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित