चंडीगढ़ , मार्च 07 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बरनाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सी.आर.सी. शाखा में तैनात वरिष्ठ सहायक दविंदर सिंह को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि आरोपी को गांव दानगढ़, जिला बरनाला के एक निवासी द्वारा दर्ज करवायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता पंजाब पुलिस में सहायक सब-इंस्पेक्टर के रूप में कार्यरत है और उसने अपनी सेवा अवधि में विस्तार (सेवा बढ़ाने) के लिए आवेदन किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी वरिष्ठ सहायक दविंदर सिंह ने उसकी सेवा अवधि बढ़ाने में मदद करने के बदले 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी वरिष्ठ सहायक दविंदर सिंह को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित