भोपाल , मई 01 -- बरगी बाँध में क्रूज डूबने से हुए हादसे और मासूमों की मौत के मामले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने पर्यटन विभाग तथा राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने बयान जारी कर कहा कि मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार 15 वर्ष पुराने वाहन का पंजीयन नहीं होता, ऐसे में 2005 से बरगी बाँध में संचालित क्रूज को अनुमति दिए जाने पर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि क्रूज को अंतिम बार फिटनेस प्रमाणपत्र कब मिला और उसकी समय-समय पर जांच व मरम्मत हुई या नहीं, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए।

उन्होंने कहा कि बिना सुरक्षा जैकेट के पर्यटकों को गहरे पानी में बोटिंग कराना कानूनन अपराध है। यदि यात्री बिना जैकेट के सवार थे तो यह गंभीर लापरवाही है और इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए।

माकपा नेता ने मुआवजा राशि को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभिन्न घटनाओं में अलग-अलग मुआवजा घोषित किया जाता है, जो पीड़ितों के साथ अन्याय है। पार्टी ने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपए तथा घायलों को 10 लाख रुपए मुआवजा देने के साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित