बदायूं , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार साले बहनोई की मृत्यु हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदायूं आगरा मार्ग पर बीती देर रात एक कार ने अंतिम संस्कार कर वापस लौट रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक आपस में साले बहनोई थे। उन्होने बताया कि मुजरिया थाना क्षेत्र का निवासी आकाश (20) अपने साले संभल जिला निवासी सुमित (21) के साथ मामा ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कछला गंगा घाट से बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। रात्रि लगभग 11.30 बजे बितरोई रेलवे क्रॉसिंग के निकट सामने से आ रही एक तीव्र गति कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आकाश की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल सुमित को पुलिस ने राहगीरों की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान कुछ देर बाद ही सुमित ने भी दम तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित