हरिद्वार, मार्च 30 -- उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को चार धाम यात्रा 2026 को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए ग्रीन कार्ड व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ किया।

श्री बत्रा ने रोशनाबाद स्थित आरटीओ कार्यालय में पूजन-अर्चना के साथ इस योजना की शुरुआत की।

परिवहन मंत्री ने बताया कि आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रही चार धाम यात्रा के मद्देनज़र प्रदेश में तैयारियां जोरों पर हैं। यात्रा के दौरान संचालित होने वाले सभी व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य किया गया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि ग्रीन कार्ड बनाने की सुविधा प्रदेश के सभी आरटीओ कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित नारसन बॉर्डर पर भी विशेष केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्री बत्रा ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य चार धाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है। ग्रीन कार्ड व्यवस्था से वाहनों की निगरानी और संचालन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा, जिससे यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी को कम किया जा सकेगा।

मंत्री ने कहा ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। ग्रीन कार्ड व्यवस्था से व्यावसायिक वाहनों का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और यात्रा अनुभव बेहतर बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित