चित्तौड़गढ़ , मार्च 13 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विदेश नीति की विफलता और बढ़ती मंहगाई पर धरना प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस महामंत्री अहसान पठान ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र सरकार हर जगह विफल रही है। महंगाई चरम पर है। इस दौरान बढ़ते हुए गैस सिलेंडर की कीमत और महंगाई आमजन कमर तोड़ रही है।
जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करके विरोध जताया।
इस अवसर श्री सिसोदिया ने कहा कि इजरायल अमरीका और ईरान के मध्य हो रहे युद्ध के समय देश के हितों को संरक्षित करने में केंद्र सरकार गलत विदेश नीति के कारण विफल रही है। जिस कारण देश में ईंधन का संकट व्याप्त हो गया है।
केंद्र सरकार द्वारा आमजन पर महंगाई का बोझ डालते हुए घरेलू रसोई गैस के दाम बढ़ाकर गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोत्तरी की गई है। लगातार शादी विवाह एवं समारोह आयोजित हो रहे हैं, किंतु ऐसे समय में केंद्र सरकार द्वारा इन समारोह के आयोजन के लिये आवश्यक व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति को भी बाधित कर दिया गया है। जिससे आमजन को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक कार्य संपन्न करने में केंद्र सरकार का यह निर्णय घातक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित