कोरबा , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल की दीपका खदान में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब खदान परिसर में खड़े एक अनलोड ट्रेलर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेलर धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपका माइंस में खड़े ट्रेलर में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के समय वाहन में कोई लोड नहीं था। हालांकि आग की लपटें तेज होने से खदान में कार्यरत कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

घटना की सूचना तत्काल एसईसीएल के फायर ब्रिगेड विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित