बड़वानी , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में नागरिक सुविधाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब शासकीय अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के माता-पिता को जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अस्पताल से ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि अब तक बच्चे के जन्म के बाद माता-पिता को जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका या ग्राम पंचायत के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय की बर्बादी और अनावश्यक परेशानियां होती थीं। नई व्यवस्था के तहत जन्म से संबंधित सभी औपचारिकताएं अस्पताल में ही पूरी की जाएंगी और मां के डिस्चार्ज होने से पहले जन्म प्रमाण पत्र सौंप दिया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि यह व्यवस्था केवल जन्म प्रमाण पत्र तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे वन स्टॉप विंडो के रूप में विकसित किया गया है। इसके तहत नवजात का समग्र आईडी निर्माण, आधार कार्ड के लिए आवेदन, बैंक खाता खोलने में सहायता जैसी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। बालिका के जन्म पर सुकन्या समृद्धि योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी शासकीय योजनाओं से स्वतः जोड़ने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जारी किए गए सभी प्रमाण पत्र डिजिलॉकर के माध्यम से सुरक्षित रूप से संग्रहित किए जाएंगे, जिससे भविष्य में स्कूल प्रवेश, आंगनवाड़ी अथवा अन्य शासकीय कार्यों के लिए माता-पिता को बार-बार दस्तावेजों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

कलेक्टर जयति सिंह ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी मां को बिना जन्म प्रमाण पत्र दिए अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। फिलहाल यह व्यवस्था जिला अस्पताल में लागू की जा रही है, जिसे चरणबद्ध तरीके से जिले के अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह पहल संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है, जो 31 मार्च तक तीन चरणों में संचालित होगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बड़वानी जिले में ग्रीन कमांडो मिशन भी चर्चा में रहा है, जिसके तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता दुर्गम पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, जांच और स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित