बड़वानी , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला एवं सत्र न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को अफरातफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक पदमविलोचन शुक्ला ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश को तमिल भाषा में एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसकी सूचना दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और न्यायालय परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया।
एहतियात के तौर पर कोर्ट रूम, अधिवक्ता चैंबर और आसपास की दुकानों को भी बंद कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता बुलाकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। साथ ही न्यायालय से जुड़े मार्गों पर अस्थायी रूप से यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया।
पुलिस द्वारा परिसर के प्रत्येक हिस्से की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तलाशी में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, जबकि छत और अन्य हिस्सों की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच की जा रही है। हाल के दिनों में प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस तरह की धमकियों के मामले सामने आए हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित