बठिंडा , मार्च 21 -- एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने बठिंडा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो अवैध देसी .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान जैकी कुमार उर्फ जैकी (निवासी परसराम नगर, बठिंडा) और विकास अरोड़ा (निवासी विशाल नगर, बठिंडा) के रूप में हुई है। विकास अरोड़ा का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले घरेलू हिंसा के एक मामले में भी शामिल रहा है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बठिंडा के एक व्यापारी को लूटने की योजना बना रहे थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वारदात के लिए हथियार दिल्ली से मंगवाए गए थे। पुलिस अब इस मामले में आगे और पीछे के संपर्कों को खंगाल रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
अभियान की जानकारी साझा करते हुए डीआईजी (एजीटीएफ) गुरमीत चौहान ने बताया कि एजीटीएफ बठिंडा टीम को सटीक सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों से लैस जैकी और विकास अरोड़ा, जो लूट की फिराक में हैं, पंचवटी क्षेत्र में मित्तल मॉल के पास देखे गए हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसपी एजीटीएफ बठिंडा रेंज जसपाल सिंह ने जिला पुलिस के साथ इनपुट साझा किए।
बठिंडा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ज्योति यादव ने बताया कि संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्तियों को जीटी रोड की ओर से आते देखा गया। सरहिंद नहर के पास संतपुरा रोड पर पुलिस नाका देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस पार्टी ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया और उनके पास से अवैध हथियार बरामद किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित