नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को पेश किये वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के कायाकल्प के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है। सरकार का मुख्य ध्यान किसानों की आय बढ़ाने, पशुपालन में रोजगार सृजन और ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी बनाने पर केंद्रित है।

बजट में मत्स्य पालन क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास की एक नई पहल शुरू की गई है। इसके साथ ही पशुपालन क्षेत्र में उद्यमशीलता के विकास पर विशेष बल दिया गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

नारियल की खेती करने वाले किसानों के लिए 'नारियल प्रोत्साहन योजना' की घोषणा की गई है। इस योजना का लक्ष्य पैदावार बढ़ाना है, जिससे एक करोड़ किसानों सहित लगभग तीन करोड़ लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहायता प्राप्त होगी। इसके अलावा, सरकार ने भारतीय काजू और भारतीय कोको को वर्ष 2030 तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'प्रीमियम ग्लोबल ब्रांड' बनाने का लक्ष्य रखा है, ताकि वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की धाक जम सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित