नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यह बजट अवसरों का विस्तार करते हुए विकास को गति देने वाला है और आत्मनिर्भर सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करता है।
श्रीमती गुप्ता ने रविवार को पेश किये बजट पर प्रतिक्रिया करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर कहा ''बजट 2026-27 आज त्रिनगर में स्थानीय नागरिकों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ सुना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट अवसरों का विस्तार करता है, विकास को गति देता है और आत्मनिर्भर, सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करता है।''दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बजट 2026-27 ने यह साबित कर दिया है कि विकसित भारत का संकल्प अब केवल दृष्टि नहीं, बल्कि सशक्त कार्ययोजना बन चुका है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्राथमिकताओं को स्पष्ट दिशा और ठोस आधार मिला है। उन्होंने कहा कि बजट समावेशी सोच, आर्थिक मजबूती और भविष्य की जरूरतों के संतुलन का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान और मध्यम वर्ग-हर वर्ग को आगे बढ़ाने की स्पष्ट मंशा इस बजट में झलकती है। आधारभूत ढांचे से लेकर नवाचार तक, आत्मनिर्भरता से लेकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक, यह बजट भारत की आंतरिक शक्ति को नई ऊँचाई देता है। 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते भारत के लिये यह बजट एक मजबूत नींव और निर्णायक कदम है।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह ने कहा ''बजट 2026-27 ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत का संकल्प अब नीतियों और क्रियान्वयन के स्तर पर निर्णायक रूप ले चुका है। यह बजट भारत की विकास यात्रा को गति, दिशा और स्थायित्व देने वाला एक मजबूत दस्तावेज़ है। बजट देश के हर नागरिक को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसमें समावेशी विकास, आर्थिक अनुशासन और दीर्घकालिक प्रगति का संतुलित दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यह बजट केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उन्हें ज़मीन पर उतारने की स्पष्ट रणनीति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित