लखनऊ , जनवरी 28 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार से शुरू हुए संसद के बजट सत्र की शुरुआत पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार से देश की ज्वलंत समस्याओं के त्वरित समाधान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा संसद के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किए जाने के साथ शुरू हुआ बजट सत्र देश में नई उम्मीद जगाने वाला होना चाहिए, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में यह संबोधन लोगों को अपेक्षाकृत कम उपयोगी प्रतीत हो रहा है।
बुधवार को सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए मायावती ने कहा कि वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल का माहौल है, खासकर अमेरिका के "अमेरिका फर्स्ट" अभियान के चलते पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है, जिसका असर भारत पर पड़ना स्वाभाविक है। ऐसे समय में सरकार द्वारा निजी क्षेत्र पर अत्यधिक भरोसा जताने को लेकर लोगों में आशंकाएं और चिंताएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने ऊपर ज्यादा आत्मविश्वास दिखाने की जरूरत है।
बसपा प्रमुख ने यह भी कहा कि सरकार जिस तरह संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक तीखेपन के साथ विरोधियों को निशाना बनाती है, उसी गंभीरता के साथ देशहित, आत्मनिर्भरता, विदेश नीति और जनकल्याण के मुद्दों पर भी ठोस पहल होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट सत्र में सरकार की इस दिशा में स्पष्ट झलक दिखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित