भराड़ीसैंण , मार्च 10 -- उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा (विस) भवन में आहुत बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गईं।

सदन में आज दिवंगत विधायक दिवाकर भट्ट, राजेश जुवांठा और बलवीर सिंह नेगी को भावनात्मक रूप से स्मरण किया गया। इन तीनों के प्रति सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), विपक्षी कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और निर्दलीय विधायकों ने अपने अनुभव साझा किए।

नेता सदन पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग के पूर्व विधायक दिवंगत दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका संघर्षशील व्यक्तित्व और निर्भीक नेतृत्व उत्तराखंड की जन राजनीति की सशक्त पहचान रहा है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद श्री भट्ट ने अपने विचारों, संघर्ष और नेतृत्व से प्रदेश की राजनीति में विशिष्ट स्थान बनाया। उत्तराखंड की राजनीति में उन्हें "फील्ड मार्शल" के नाम से जाना जाता था, जो उनके दृढ़ और संघर्षशील नेतृत्व का परिचायक था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित