बारां , जनवरी 12 -- राजस्थान में बारां जिले के प्रभारी एवं राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बजट घोषणा 2024-25 एवं 2025-26 पर विचार विमर्श करने के साथ ही आगामी बजट के लिए जिले की महती आवश्यकताओं के बारे में आवश्यक सुझाव लिए।
श्री देवासी ने बैठक में पूर्व बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी तुरंत प्रभाव से बजट घोषणाओं को पूरा करने के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि जिले के विकास एवं आमजन के हित में की गई बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को शत प्रतिशत पूरा करते हुए उपलब्धि प्राप्त की जाए। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़क, बिजली एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं के पर्यवेक्षण एवं समाधान, आगामी बजट के लिए सुझाव प्राप्त करने, स्थानीय विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा करते हुए जानकारी ली।
उन्होंने इसके साथ ही पंच गौरव, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करके संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित