अलवर , फरवरी 01 -- राजस्थान में विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने केन्द्र सरकार के आम बजट 2026-27 को दिशाहीन बताते हुए कहा है कि इसमें सरकार का कोई दृष्टिकोण नजर नहीं आता है।

केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में नौवीं बार आम बजट 2026-27 पेश किया। श्री जूली ने यहां कहा कि एक तरफ बजट पढ़ा जा रहा था दूसरी तरफ शेयर मार्केट गिर रहा था । निवेशकों के हजारों करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि करों में किसी भी तरह की कोई राहत नहीं दी गई है। सरकार का इसमें कोई नजरिया दिखाई नहीं देता। राजस्थान से इतने सांसद होने के बाद भी राज्य के लिये कोई विशेष योजना लागू नहीं की गई । पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को भी राष्ट्रीय परियोजना में शामिल नहीं किया गया ।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को विशेष दर्जा नहीं दिया गया। युवाओं के साथ कुठाराघात किया गया है । नौकरी की कोई योजना नहीं है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस दौर में युवाओं को नौकरी का नुकसान हो रहा है। सोने चांदी की भावों में भारी गिरावट आ रही है।

श्री जूली ने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को लेकर भी गुमराह किया जा रहा है। न किसानों को बीज मिल रहा है। न बिजली मिल रही है। न खाद मिल रहा है, न पानी मिल रहा है। किसानों की इतनी कम सम्मान निधि से क्या होता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में सैनिक स्कूल की घोषणा की दी गई थी, उसको भी अटका रखा है। एयरपोर्ट भी नहीं है। द्रुतगामी रेलगाड़ी का सपना पूरा नहीं किया गया है। भंवर जितेंद्र सिंह द्वारा इस रेलगाड़ी की घोषणा की गई थी, लेकिन कोई काम नहीं हुआ ।एनसीआर को इस बजट से कोई फायदा नहीं हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित