पटना , फरवरी 03 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश बजट को सम्पूर्ण, समावेशी एवं विकास को बढ़ावा देने वाला बताया और कहा कि इसमें सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार विधानमंडल में वित्त मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा पेश किये गये वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये आज कहा कि यह विकसित बिहार का संकल्प पूरा करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित इस बजट में सभी क्षेत्रों तथा किसानों, उद्यमियों, युवाओं एवं महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। यह सम्पूर्ण, समावेशी एवं विकास को बढ़ावा देनेवाला बजट है। इस साल बिहार का बजट तीन लाख 47 हजार करोड़ रूपये से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रूपये से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि यह बजट बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को पूरा करने में काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य में वित्तीय संसाधनों का उचित प्रबंधन कर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बताया कि महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिये दो लाख रूपये की सहायता के लिये भी प्रावधान किया गया है। राज्य में उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर प्रदान करने, प्रत्येक युवा के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में हमारे प्रयास से हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान भी इस बजट में किये गये हैं। बिहार बजट 2026-27 राज्य की अर्थव्यवस्था के विकास की गति को तेज करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।

श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार के अपने राजकोषीय संसाधनों के समुचित प्रबंधन से बिहार का विकास तीव्र गति से होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई की कि अगले कुछ वर्षों में बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित