नैनीताल , फरवरी 01 -- उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में भारत की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों का कोई समाधान नहीं है।
श्री आर्य ने कहा कि हमारे अन्नदाता किसान अभी भी कल्याणकारी सहायता या इनकम सिक्योरिटी प्लान का इंतजार कर रहे हैं। असमानता ब्रिटिश राज के समय के स्तर से भी आगे निकल गई है लेकिन बजट में इसका जिक्र तक नहीं है और न ही अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर और अल्पसंख्यक समुदायों को कोई सहायता दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिशों का और अध्ययन करना होगा लेकिन ऐसा नहीं लगता कि वे उन राज्य सरकारों को कोई राहत देंगी जो गंभीर वित्तीय संकट में हैं।
उन्होंने कहा कि विनिर्मार्ण में कोई पुनर्जीवन रणनीति नहीं है। यह 13 प्रतिशत पर अटकी हुई है। बजट में युवाओं के लिए रोजगार या कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कोई गंभीर योजना नहीं। गिरते रुपये के लिए कोई प्लान नहीं है। बजट में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए महंगाई से कोई राहत नहीं। उन्होंने कहा कि बजट कोई समाधान नहीं देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित