नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कर्तव्य भवन में बना और कर्तव्य पथ पर चलने वाला बजट है। उन्होंने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह देश के प्रति सरकार की जिम्मेदारी, दूरदर्शिता और जनकल्याणकारी सोच को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
श्री नवीन ने कहा कि वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत किया जाना भारत सरकार की नीति-स्थिरता, प्रशासनिक निरंतरता और सुशासन का सशक्त प्रतीक है। यह बजट प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता के गहरे विश्वास को पूरी तरह प्रतिबिंबित करता है।
श्री नवीन ने कहा, "सबका साथ, सबका विश्वास" का मूलमंत्र इस बजट के हर प्रावधान में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के जिस स्वप्न को प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने रखा है, यह बजट उसी लक्ष्य की ओर संकल्प से सिद्धि की दिशा में एक ठोस कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित