नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- दिल्ली के उद्योग, खाद्य एवं आपूर्ति तथा पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को कहा कि बजट 2026-27 एक दूरदर्शी और जनहितैषी है जो दिल्ली के विकास को तेज़ करेगा और समाज के हर वर्ग को मजबूत बनाएगा।
श्री सिरसा ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह बजट "विकसित भारत @2047" के संकल्प को आगे बढ़ाता है और दिल्ली के लोगों को सीधे लाभ पहुंचाता है।यह दिल्ली के नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने वाला है। यह किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, उद्यमियों और व्यापारियों सभी के जीवन को सशक्त करेगा। उन्होंने बताया कि बजट में किसानों की आय दोगुनी करने पर खास ध्यान दिया गया है। महिला किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को बाजार से जोड़ने के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। भारत-विस्तार एआई प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार तुरंत सलाह मिलेगी, जिससे उत्पादन और आय दोनों में सुधार होगा।
महिलाओं के लिए बजट को महत्वपूर्ण बताते हुए श्री सिरसा ने कहा कि महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए बजट में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है और लगभग 05 लाख करोड़ रुपये महिलाओं के लिए तय किए गए हैं। लखपति दीदी 2.0 के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को 05 लाख रुपये तक का बिना गारंटी ऋण मिलेगा, ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
श्री सिरसा ने कहा , " दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बजट में घोषित सात नए रेल कॉरिडोरों में शामिल है। इससे यात्रा आसान होगी और प्रदूषण भी कम होगा।दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है।"उन्होंने बताया कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 13,611 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे दिल्ली को आने वाले समय में लाभ मिलेगा। दिल्ली पुलिस के लिए 12,500 करोड़ रुपये का फंड और देशभर के केंद्रीय अस्पतालों, जिनमें दिल्ली के एम्स, सफदरजंग, आरएमएल और लेडी हार्डिंग अस्पताल शामिल हैं, के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित