चंडीगढ़ , फरवरी 02 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को आम बजट 2026-27 को श्री गुरु रविदास महाराज की समानता की विचारधारा से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम और मजबूत नींव है।
श्री जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पार्टी इस बजट की मूल भावना को समझने नहीं पा रहे हैं, जो अर्थशास्त्र की समझ से परे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं कल बताया कि जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, होशियारपुर, मोगा और फिरोजपुर जैसे शहरों को इस बजट से लाभ होगा और उनके विकास को गति मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से सवाल किया कि जो यह कह रहे हैं कि पंजाब को बजट से कुछ नहीं मिला, वे बताएं कि वह राज्य की मांगों को लेकर प्रधानमंत्री से कब मिले थे। उन्होंने कहा कि बजट से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी राज्य के वित्त मंत्री ने कोई बजट प्रस्ताव या विकास संबंधी मांग रखने के बजाय केवल राज्य की उधारी सीमा बढ़ाने की मांग की थी।
श्री जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का यह बजट समानता और विकास को नई गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि कल डेरा बल्लां में श्री मोदी ने स्वयं विस्तार से बताया कि इस बजट का पंजाब पर कितना सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मान ने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल के डर से प्रधानमंत्री से मिलने से परहेज किया और जब प्रधानमंत्री स्वयं पंजाब आए तब भी उनसे नहीं मिले, जो स्थापित परंपराओं का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता यदि मुख्यमंत्री मान प्रधानमंत्री से मिलकर पंजाब की अन्य मांगें भी उनके सामने रखते।
बजट प्रस्तावों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण या उच्च मूल्य वाली फसलों के लिए पंजाब सरकार यदि कोई योजना भेजेगी तभी उसे बजट मिलेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने मत्स्य पालन, पशुपालन और उर्वरक सब्सिडी के लिए बड़ा बजट रखा है। केंद्र सरकार 1.70 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी दे रही है, जिसमें से बड़ा हिस्सा पंजाब को मिलता है क्योंकि यहां उर्वरक की खपत अधिक है। इसी प्रकार, खाद्यान्न की सरकारी खरीद के लिए निर्धारित बजट का बड़ा भाग भी पंजाब के किसानों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि 'खेलो इंडिया' अभियान के तहत जब देशभर में खेलों को बढ़ावा मिलेगा तो खेल सामग्री का बड़ा हिस्सा पंजाब के जालंधर में निर्मित होगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह पंजाब के लिए लाभ नहीं है? उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार और यूरोपीय संघ के बीच हुए समझौते से पंजाब के एमएसएमई, टेक्सटाइल और स्पोर्ट्स उद्योग को बड़ा फायदा होगा।
ग्रामीण विकास पर बोलते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि पहले की तुलना में अब केंद्र सरकार लगभग दोगुना बजट सीधे पंचायतों के खातों में भेजेगी और यह बिना किसी भेदभाव के हर पंचायत को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के युवाओं के पास रोजगार नहीं है, जबकि यह बजट नए रोजगार के अवसर पैदा करने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बजट में टेक्सटाइल पार्क की घोषणा की गई है और पूछा कि क्या पंजाब सरकार ने राज्य में ऐसा पार्क स्थापित करने के लिए कोई प्रयास किया है। उन्होंने यह भी पूछा कि प्रत्येक जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए महिला छात्रावास और हर जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर बनाने की योजना क्या पंजाब को लाभ नहीं देगी।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री मान राजनीतिक दबावों से ऊपर उठकर कोई मजबूत परियोजना प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास लेकर जाएं, तो पूरी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण कोई भी निवेश करने को तैयार नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित