चंडीगढ़ , जनवरी 27 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि बजट से पहले सभी हितधारकों से सुझाव आमंत्रित करना एक सशक्त और स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा का प्रतीक है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों का समुचित ध्यान रखा जा सके।
पंचकूला में आयोजित प्री-बजट कंसल्टेशन बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने बताया कि उन्होंने राज्य के सभी सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए विशेष बजटीय प्रावधान करने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर रियायत देने की भी सिफारिश की गई है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि बैठक में सांसदों एवं विधायकों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे, जिन पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल योजना के अंतर्गत सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, स्टेडियमों के साथ-साथ निजी स्कूल, कॉलेज और गौशालाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए। इससे न केवल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आएगी और हरियाणा हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ेगा।
अनिल विज ने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे आधुनिक ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन चार्जिंग स्टेशनों पर वाहन चार्जिंग के साथ-साथ यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट, स्वच्छ शौचालय और आराम की सुविधाएं होनी चाहिए, जिससे परिवारों को यात्रा के दौरान सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं प्रदेशभर में लोगों से संवाद कर बजट से जुड़े सुझाव ले रहे हैं और इसी कड़ी में सभी सांसदों एवं विधायकों को भी आमंत्रित किया गया था।
विपक्ष के सांसदों और विधायकों को भी बैठक में आमंत्रण दिया गया था, लेकिन कोई भी विपक्षी प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ।
इस पर टिप्पणी करते हुए अनिल विज ने कहा कि संभवतः विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं था, जबकि पूर्व में विपक्ष ऐसी बैठकों में भाग लेता रहा है।
कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं को सम्मान न मिलने के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस धीरे-धीरे अपने अंतिम दौर की ओर बढ़ रही है और उसका राजनीतिक अस्तित्व कमजोर होता जा रहा है।
राहुल गांधी के हालिया कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अनिल विज ने कहा कि अंग्रेज और मुगल इसलिए गए क्योंकि वे विदेशी थे, जबकि भारतीय जनता पार्टी इस देश की मिट्टी से जुड़ी पार्टी है।
भाजपा इसी धरती पर जन्मी है और देश की संस्कृति, राष्ट्रभाव और विचारधारा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थापना वर्ष 1885 में विदेशी अधिकारी ए.ओ. ह्यूम द्वारा अंग्रेजों के साथ तालमेल के लिए की गई थी। यदि विदेशी दलों के जाने की बात होती है तो कांग्रेस जाएगी, भाजपा नहीं, क्योंकि भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित