अलवर , फरवरी 08 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ उपखण्ड के ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुए हादसे के बाद चल रहे राहत कार्य के दौरान मधुमक्खियों के हमले में राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) के एक अधिकारी सहित जवान घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां मौजूद मधुमक्खियां राहत और बचाव दल में लगे कर्मियों के लिए आफत बन गई हैं। इधर अब तक पोकलेन मशीन और उसके चालक को निकाला नहीं गया है। जहां पहाड़ों में खनन हुआ है वहां मधुमक्खी के छत्ते हैं। थोड़ी सी तेज धूप के कारण मधुमक्खियां उड़ने लगती हैं या मौजूद भीड़ में से कोई उन पर पत्थर फेंक देता है तो वह एक समूह के रूप में उड़ने लग जाती हैं।

शुक्रवार शाम पहाड़ दरकने से पोकलेन मशीन संचालक सहित करीब सौ फुट गहरे पानी से भरी खाई में समा गई थी। हादसे के तीसरे दिन रविवार दोपहर राहत कार्य के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने राहत दल पर हमला कर दिया, जिससे एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल बलराम, जयप्रकाश और सरजीत घायल हो गए। तीनों को तत्काल रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित