रायपुर , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्र द्वारा एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती को लेकर राज्य और केंद्र सरकारों पर निशाना साधा है।

श्री बघेल ने सोशल मीडिया पर जारी अपने एक बयान में दावा किया कि ईंधन कर में कटौती का वास्तविक लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों को राहत दी जा रही है, जबकि जनता को फायदा मिलने की बात केवल प्रचार तक सीमित है।

राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने श्री बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें अपने कार्यकाल के फैसलों को याद करना चाहिए।

श्री चौधरी ने आरोप लगाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान पिछली सरकार ने पेट्रोल पर वैट बढ़ाकर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला था। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में, जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, केंद्र सरकार ने नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आम जनता को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष इस पर भी राजनीति कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित