मैनपुरी , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम मधपुरी में रविवार को एक विवाहित महिला का शव घर के समीप स्थित बंबे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार सलोनी पत्नी आशीष का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बंबे में पड़ा मिला। परिजनों ने बताया कि वह रविवार तड़के करीब पांच बजे शौच के लिए उठी थी। शौच के बाद वह घर के अंदर न आकर बाहर चली गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ।
बताया गया है कि महिला ने 30 जनवरी को एक बच्चे को जन्म दिया था। आठ दिन पूर्व मां बनी महिला की अचानक हुई मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा है तथा गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित