फिरोजाबाद , फरवरी 08 -- फिरोजाबाद में थाना अराव पुलिस ने मेरठ के लोगों को बंधक बनाकर कार लूटने के मामले में रविवार को दो आरोपियों को लूटी गई कार सहित गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध कार को रोककर चेकिंग की। इस दौरान एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि आलोक कुमार और जितेंद्र सिंह निवासी थाना अमापुर, जनपद कासगंज को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटी गई कार , 12,830 रुपये नकद, आईडी कार्ड, गाड़ी के कागजात सहित अन्य सामान बरामद किया गया। फरार आरोपी की पहचान उमेश कुमार निवासी थाना एका, फिरोजाबाद के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी ऋषि कुमार ने बताया कि मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी हरेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पांच फरवरी को निन्हूराम कोल्ड स्टोरेज, शिकोहाबाद रोड अराव के पास उन्हें और उनके साथियों को बंधक बनाकर कार, घड़ी, चेकबुक व अन्य कागजात लूट लिए गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही थी और सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित