भरतपुर , दिसम्बर 17 -- राजस्थान के करौली में मासलपुर-खेड़ा मार्ग पर गुबरेड़ा गांव के पास बन्द पड़ी पत्थर की एक खदान में पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया ग्रामीणों की मदद से शव को खदान के पानी से बाहर निकलवा कर मासलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। युवक ने नीले रंग की सफेद लाइनिंग वाली शर्ट, नीली जींस, कमर में चमड़े की बेल्ट और लाल रंग के चमड़े के जूते पहन रखे थे। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अनुमान है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिस खदान में शव मिला है, वह काफी समय से बंद बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे एक हादसा मान रही है और आशंका जताई जा रही है कि युवक का संतुलन बिगड़ने से खदान में गिरने के कारण उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस ने हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित