कोलकाता , मार्च 01 -- पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में एक पत्थर काटने की इकाई में 11,000 वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से रविवार को पांच मजदूरों की मौत हो गयी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद दिनहाटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में दहशत और तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि यह घटना दिनहाटा ग्राम पंचायत-दो के तहत गारेर मठ इलाके के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पत्थर काटने की इकाई में काम चल रहा था, तभी 11,000 वोल्ट की ओवरहेड पावर लाइन अचानक वहां इस्तेमाल हो रही मिक्सर मशीन के लोहे के हिस्से पर गिर गयी।

पास में काम कर रहे मजदूर बिजली के झटके की चपेट में आ गये। उनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गयी।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि मृतकों की पहचान मुकुल बर्मा, राजू सेन, मिथुन पाल, सुमन और संजय बर्मन के रूप में हुई है। ये सभी कूचबिहार जिले के निवासी थे।

सूचना मिलने के तुरंत बाद दिनहाटा के थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शवों को बरामद किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित