कोलकाता , मार्च 05 -- पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए गुरुवार को राज्य विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के चार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार सहित कुल पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किये।

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो, कोयल मल्लिक, राजीव कुमार और मेनका गुरुस्वामी ने सत्तारूढ़ दल के कई वरिष्ठ मंत्रियों की उपस्थिति में अपने दस्तावेज सौंपे। भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया है।

सत्तारूढ़ दल के चार उम्मीदवारों में से तीन सक्रिय राजनीतिक हलकों से बाहर के हैं। जहां पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार का प्रशासनिक अनुभव रहा है, वहीं अभिनेत्री कोयल मल्लिक और वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी चुनावी राजनीति से इतर अलग पेशेवर क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

नामांकन की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तृणमूल उम्मीदवारों ने विधानसभा परिसर में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित