समस्तीपुर , अप्रैल 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह बिहार 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्य जग्रनाथ ठाकुर ने बुधवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार सत्ता परिवर्तन की लहर है और भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
श्री ठाकुर ने समस्तीपुर स्थितअतिथि गृह में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में विभिन्न जाति और समुदाय के लोगों का एक ही उद्देश्य है,वर्तमान सरकार को बदलना। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में व्यापक असंतोष है।
श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा विकास और घुसपैठ के मुद्दों पर रखे गए विचारों को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल के इतिहास के 25 वर्षों का रिकार्ड टूटेगा और भाजपा 175 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर पहली बार अपनी सरकार बनायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित