आसनसोल , अप्रैल 25 -- पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की पहली कथित घटना में तृणमूल कांग्रेस समर्थक गुंडों ने कांग्रेस समर्थक देबदीप चटर्जी की पिटाई कर दी थी, जिससे आज उनकी मौत हो गयी है।

आसनसोल उत्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रसेनजीत पुइतुंडी और अन्य पार्टी समर्थकों ने शव के साथ विरोध प्रदर्शन किया और आसनसोल दक्षिण पुलिस चौकी का घेराव किया।

श्री पुइतुंडी ने आरोप लगाया कि चुनाव हारने के डर से, निराश तृणमूल गुंडों ने शुक्रवार रात देबदीप चटर्जी पर उनके घर के बाहर उस समय हमला किया, जब वह अकेले घर लौट रहे थे। आज तड़के अपने घर में आंतरिक और बाहरी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गयी।

वैसे राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के चुनावों में बम विस्फोट, चाकूबाजी और गोलीबारी जैसी कोई बड़ी हिंसक घटना नहीं हुई। कई दशकों में पहली बार मतदान के दिन राज्य में किसी की मृत्यु की कोई घटना दर्ज नहीं की गयी।

पिछले 30 वर्षों में पहली बार आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार चुनाव लड़ रहा है। 1996 में, कांग्रेस के तापस बनर्जी ने इस सीट (जिसे पहले आसनसोल के नाम से जाना जाता था) से चुनाव लड़ा था और माकपा उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित