कोलकाता , मार्च 24 -- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दक्षिण बंगाल में सुंदरबन के पास पाथरप्रतिमा में एक जनसभा के साथ मंगलवार को अपने राजनीतिक अभियान का आगाज किया।
वह बुधवार को हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम चुनाव क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने वाले हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम में भाजपा के दिग्गज नेता और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ श्री पवित्र कर को मैदान में उतारा है। श्री अधिकारी ने 2021 में पूर्वी मेदनीपुर जिले के इसी चुनाव क्षेत्र से तृणमूल सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। उस समय श्री पवित्र कर श्री अधिकारी की चुनावी मशीनरी के प्रभारी थे।
श्री अभिषेक बनर्जी बुधवार को पश्चिम मेदनीपुर जिले के दासपुर और पूर्वी मेदनीपुर जिले के खेजुरी में भी सभाओं को संबोधित करेंगे। 26 मार्च को वह उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वे नटाबारी (कूचबिहार जिला), धुपगुड़ी (जलपाईगुड़ी जिला) और कालचीनी (अलीपुरद्वार जिला) में तीन रैलियां करेंगे। पिछले कुछ चुनावों में उत्तर बंगाल भाजपा के गढ़ के रूप में उभरा है और तृणमूल आगामी चुनावों में इस क्षेत्र में सेंध लगाने का लक्ष्य रख रही है।
27 मार्च को अभिषेक दक्षिण बंगाल वापस आयेंगे और बिनपुर (झारग्राम जिला), पंसकुड़ा (पूर्वी मेदनीपुर जिला) और कुलपी (दक्षिण 24 परगना जिला) में रैलियों को संबोधित करेंगे।
अगले दिन 28 मार्च को वह बालुरघाट और तपन (दोनों दक्षिण दिनाजपुर जिले में), मानिकचक (मालदा जिला) और सागरदिघी (मुर्शिदाबाद) में तीन बैठकों में मुख्य वक्ता होंगे। 29 मार्च को वह मुर्शिदाबाद के नवदा और उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में दो सभाओं को संबोधित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित