कोलकाता , अप्रैल 16 -- पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण में तृणमूल कांग्रेस के सबसे अधिक करोड़पति उम्मीदवार मैदान में हैं।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे अधिक अमीर उम्मीदवार हैं। राज्य में पहले चरण के चुनाव में करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बाद कांग्रेस का नंबर आता है जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में चौथे नंबर पर है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों से 1478 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस के 106 उम्मीदवारों के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति है।पहले चरण में तृणमूल कांग्रेस ने 148 उम्मीदवार उतारे हैं और करोड़पति उम्मीदवारों का प्रतिशत कुल उम्मीदवारों का 72 प्रतिशत है।
भाजपा के पास दूसरे सबसे अधिक अमीर उम्मीदवार हैं। उसके 152 उम्मीदवारों में से 71 के पास 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के 50 उम्मीदवार करोड़पति हैं जबकि माकपा के 24 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित