अलवर , जनवरी 11 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में भगत सिंह सर्किल स्थित एक कैफे पर काम करने वाले पश्चिम बंगाल निवासी युवक की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के पति राजपुर बेलगाछी गांव निवासी 20 वर्षीय परमेश्वर सरकार के रूप में हुई है। उसकी मौत का कारण ह्रदयाघात बताया गया है।

जानकारी के अनुसार परमेश्वर करीब एक महीने पहले ही काम की तलाश में अलवर आया था। वह भगत सिंह सर्किल स्थित स्पोर्ट्स कैफे पर काम कर रहा था अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद कैफे संचालक और साथी कर्मचारी उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित